Sangam Today News/-
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के कचटा गांव में पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने दरांती से वार कर अपनी पत्नी की जान ले ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी मनोज खेती-बाड़ी का काम करता है और अपने संयुक्त परिवार के साथ रहता है। करीब डेढ़ साल पहले उसने नीलू से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शुरुआती दिनों में दोनों के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके बीच घरेलू मामलों को लेकर अक्सर विवाद और कहासुनी होने लगी थी।
गुरुवार दोपहर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान मनोज ने नीलू पर दरांती से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घरेलू विवाद के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
.jpeg)
