Sangam Today News/-
चमोली / मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा रेस्क्यू टीमों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर भी बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस समेत सभी संबंधित टीमों के साथ समन्वय बनाकर अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल करीब 3 किलोमीटर लंबी है। जानकारी के अनुसार, टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के चलते मलबा और पानी भर गया, जिससे वहां मौजूद श्रमिक फंस गए।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है।
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार के साथ उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। साथ ही घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों की सहायता और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने दी जाए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट समेत प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

