Ticker

6/recent/ticker-posts

वन्य जीव हमले में सल्ट की एक महिला ने गवाई जान,क्षेत्र में शोक की लहर


Sangam Today News/- 
Almora/- उत्तराखंड में वन्यजीव हमले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं।इस क्रम में सोमवार सुबह सल्ट से दुखद खबर सामने आयी है। प्रभागीय वनाधिकारी दीपक  सिंह से जानकारी देते हुए बताया है।कि सल्ट ब्लाक अंतर्गत डभरा सौराल तोक घोड़ीधार में एक 21वर्षीय महिला की वन्यजीव हमले में मृत्यु हो गयी है। प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) दीपक सिंह ने बताया कि अल्मोड़ा वन प्रभाग के मोहान रेंज अंतर्गत डभरा सौराल तोक घोड़ीधार क्षेत्र में लगभग 21 वर्षीय एक महिला की वन्यजीव के हमले में मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद कर लिया गया। घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जा रहा है तथा उपलब्ध साक्ष्यों, पदचिह्नों एवं अन्य संकेतों के आधार पर यह स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि हमला किस वन्यजीव द्वारा किया गया है।बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता एवं निगरानी बढ़ा दी गई है। क्यूआरटी टीम को सक्रिय कर संवेदनशील स्थलों पर गश्त तेज कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों को सुबह एवं शाम के समय अकेले जंगल अथवा झाड़ीदार क्षेत्रों में न जाने, बच्चों एवं महिलाओं को समूह में आवागमन करने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाने के साथ ही वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग द्वारा 09 किलोमीटर सोलर फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है।  बताया कि कॉर्बेट तथा पश्चिमी वृत्त से दो पशु चिकित्सकों को मौके पर तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्यूआरटी टीम एवं अन्य अधिकारी क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा ग्रामीणों से वन्यजीव की गतिविधियों के संबंध में नियमित फीडबैक लिया जा रहा है।DFO दीपक सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को देय ₹10 लाख की अनुग्रह सहायता की धनराशि के भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मानव-वन्यजीव संघर्ष की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती एवं अनुवर्ती कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर लगातार की जा रही है।
विधायक सल्ट महेश जीना ने कहा है डभरा सौराल के तोक घोड़ीधार में स्वर्गीय घूर सिंह  की छोटी बहू को वन्य जीव द्वारा घर के समीप से उठा ले जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।उन्होंने कहा ईश्वर  दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें । तथा शोकाकुल परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। उन्होंनेवन विभाग एवं प्रशासन से आग्रह है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, बाघ की सतत निगरानी की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए है।