Sangam Today News/-
अल्मोड़ा। केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की कक्षा 10 की छात्रा प्रेरणा जोशी ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रेरणा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माई गवर्नमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में देशभर से 9,300 से अधिक प्रविष्टियां शामिल हुईं, जिनमें प्रेरणा ने आठवां स्थान हासिल किया।
उपलब्धि के लिए प्रेरणा को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रण के साथ प्रमाण पत्र और 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। समारोह में उनके साथ एक सहयोगी के लिए भी ई-आमंत्रण जारी किया गया है। प्रेरणा के पिता वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद जोशी उनके साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रेरणा की इस उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की प्रधानाचार्य मीना राणा, कला शिक्षिका रूमाना नाज, कक्षाध्यापिका मीना बिष्ट समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने प्रेरणा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया।

