Ticker

6/recent/ticker-posts

असंग्रहित गणना प्रपत्र वाले मतदाताओं का होगा दोबारा सत्यापन, पात्र मतदाता सूची से नहीं छूटेगा कोई


Sangam Today News/-  
अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जनपद अल्मोड़ा में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। ऑनलाइन आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक प्राप्त नहीं हो सके हैं, उनका पुनः सत्यापन कराया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। जिन मतदाताओं के प्रपत्र विभिन्न कारणों से बीएलओ तक नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें फिलहाल असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी में रखा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मतदाता अभी भी अपना गणना प्रपत्र निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सुविधा के माध्यम से भर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बीएलओ को भी प्रपत्र जमा करने का विकल्प उपलब्ध है। इसके लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध विवरण का उपयोग किया जा सकता है।
समीक्षा बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देशित किया गया कि बीएलओ स्तर पर ऐसे मामलों की दोबारा जांच कराई जाए और पात्र मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसआईआर के आगामी चरणों की तैयारियां भी तय समयसीमा के भीतर पूरी करने पर जोर दिया गया, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण कार्य समय पर संपन्न हो सके।