Sangam Today News/-
Almora जनपद के तहसील भिकियासैण व ब्लॉक ताड़ीखेत अंतर्गत ग्राम सगीना,नौगॉव के लोग बीते 13वर्षों से 3किमी लिंक मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं।वर्ष 2014-15में सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद भी सड़क धरातल में नहीं उतरी।सड़क नहीं होने गंभीर बीमार लोगों को डोली से सड़क तक पहुचाना नियति बन गयी है।इसी क्रम में सोमवार शाम को सगीना गांव की 71वर्षीय पुष्पा देवी की अचानक तबियत खराब होने पर गांव के युवाओं व महिलाओं ने डोली के सहारे डेढ़ किमी की चढाई चढ़कर रानीखेत अस्पताल ले जाने के लिए चमड़खान सड़क तक पहुचाया है।सड़क नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का ऐलान कर दिया है।
ग्रामीणों की लंबी मांग के बाद सौगढ-पंतगांव-चमड़खान-सगीना-नौगॉव -लछमोला लिंक मार्ग 3किमी के निर्माण कार्य को सरकार से वर्ष 2014-15में स्वीकृति मिली।तत्पश्चात 2016 में प्रथम चरण के निर्माण हेतु ₹15.75लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति भी मिली।पूर्व सैनिक तथा सगीना गॉव नवनिर्माण समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह नेगी ने जानकारी दी है कि निर्माण खण्ड लोक निर्माण विभाग रानीखेत में दिसम्बर 2024में टेन्डर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा है लगातार शासन प्रशासन से मॉग करने के बाद भी ताड़ीखेत ब्लाक के सगीना, नौगांव गांव के लोग सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।सड़क नहीं होने से मरीजों,बुजुर्गों,गर्भवती महिलाओं को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।साथ ही स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुचाने के लिए काश्तकार परेशान रहते हैं।पूर्व सैनिक खुशाल सिंह नेगी,नंदन सिंह, ललित सिंह, रामसिंह, मोहनसिंह,बिनू आदि ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे और किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार को गांव में प्रचार करने की अनुमति नहीं देंगे।इसके लिए बैठक कर रणनीति तय की जायेगी।

