अल्मोड़ा जनपद के मानिला क्षेत्र में दस दिवसीय रामलीला का शुभारंभ बीती 9 जून मंगलवार को हुआ। पहले दिवस की रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक महेश जीना के प्रतिनिधि करन जीना के द्वारा किया गया। रामलीला मंचन में नटी- सूत्रधार, नारद मोह, रावण को शिव से वरदान प्राप्ति, नारद- शिव प्रसंग, रावण के कैलाश पर्वत उठाने और राम जन्म आदि प्रमुख दृश्य प्रस्तुत किए गए। सखियों की सुंदर प्रस्तुति ने भी दर्शकों को लुभाया। वहीं लोक कलाकारो ने भी मंच पर गीतों और कविताओं से लोगों का मनोरंजन किया ।
लोकगायक ईश्वर चंद्र कोहली ने स्वर्गीय हीरा सिंह राणा जी को याद करते हुए ‘हे जनमा भूमि तेरी जय जय कारी हो’ की प्रस्तुति दी। वहीं क्षेत्र के सुविख्यात मंच संचालक एवं कवि नीरज बवाड़ी ने राम के आदर्शों और रामलीला मंचन की इस महत्वपूर्ण परंपरा की सराहना की ।
रामलीला मंचन का निर्देशन गंगा सिंह चौहान व ललित मोहन के द्वारा किया जा रहा है। वहीं मंच संचालक की भूमिका आनंद सिंह चौहान द्वारा निभाई गई।
पहले दिन का रामलीला मंचन देखने को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र लखचौरा ने, क्षेत्रवासियों से बढ़ चढ़कर आयोजन में शामिल होने की अपील की, वहीं आने वाले दिनों में उन्होंने दर्शकों से अधिक-से-अधिक पहुचने की बात कही। हर वर्ष होने वाली यह रामलीला अपनी संगीतमई शैली और बेहतरीन मंच निर्देशन के लिए जानी जाती है।

