Almora जनपद के स्याल्दे ब्लाक अंतर्गत भाबर पेयजल योजना में पेयजल आपूर्ति पिछले 6दिनों से ठप पड़ी है।जिस वजह से मल्ली चम्याड़ी,तल्ली चम्याड़ी, मोहनीढैया सहित अनेकों गावों में पेयजल संकट बना हुआ है।जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र नेगी एवं उनके मीडिया प्रभारी सुमित मनराल ने बताया है कि पीडब्ल्यूडी व जल संस्थान के बीच समन्वय के अभाव के चलते पेयजल संकट बना हुआ है। कहा है कि पीडब्ल्यूडी ने जल संस्थान से बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के सड़क निर्माण शुरू किया है।जिससे भाबर पेयजल लाइन ध्वस्त हो गयी है।भीषण गर्मी के चलते ग्रामीण 2से 3किमी दूर गधेरों से पानी ढोने को ग्रामीण मजबूर हैं।जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने जल संस्थान के ईई को पत्र भेजकर पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित कर 24घण्टे के भीतर पेयजल लाइन को ठीक करने को कहा है।साथ ही जिलाधिकारी से मांग की है बिना एनओसी कार्य करने वाले ठेकेदार व सबंधित विभाग से मरम्मत का खर्च वसूल करने की पूरजोर मांग की है।जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र नेगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर जनता को पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे ग्रामीणों को साथ लेकर संबंधित विभागों के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे।जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

