Ticker

6/recent/ticker-posts

कैंची धाम मेले में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप


Sangam Today News/- 
नैनीताल। प्रसिद्ध कैंची धाम मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को एक युवती से कथित छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने दोनों कर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी मेले की ड्यूटी के लिए ऊधम सिंह नगर जनपद से भेजे गए थे। आरोप है कि दोनों ने नशे की हालत में एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर कथित रूप से मारपीट भी की गई।
बताया जा रहा है कि पीड़िता कैंची धाम क्षेत्र में एक होमस्टे संचालक की बेटी है। घटना उस समय हुई जब वह अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।