Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखण्ड में मौसम बदलेगा करवट, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट


Sangam Today News/- 
उत्तराखण्ड में अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
29 मई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
30 मई को राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं 31 मई को पर्वतीय जिलों में मौसम खराब रह सकता है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित आपदा स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।