Ticker

6/recent/ticker-posts

पद्म भूषण से सम्मानित हुए ‘भगत दा’, उत्तराखण्ड में खुशी की लहर


Sangam Today News/- 
नई दिल्ली में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को लोक कार्य के क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें जनसेवा, शिक्षा और समाज के प्रति लंबे समय से दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित इस समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के पहले चरण में कुल 66 पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री शामिल हैं।
उत्तराखण्ड में ‘भगत दा’ के नाम से प्रसिद्ध भगत सिंह कोश्यारी का जन्म 17 जून 1942 को बागेश्वर जिले के पलानधुरा गांव में हुआ था। साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की और अल्मोड़ा कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अध्यापक के रूप में की, लेकिन बाद में समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय हो गए।
राजनीतिक जीवन में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य, उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, राज्यसभा सांसद और लोकसभा सांसद के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2019 में उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। साथ ही उन्होंने गोवा के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।
भगत सिंह कोश्यारी शिक्षा, समाज सेवा और लेखन के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने उत्तराखण्ड के विकास और राज्य आंदोलन से जुड़ी पुस्तकों का लेखन भी किया है। उनके पद्म भूषण से सम्मानित होने पर उत्तराखण्ड में खुशी का माहौल है और विभिन्न संगठनों एवं लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।