Sangam Today News/-
अल्मोड़ा स्थित विकास भवन सभागार में सोमवार शाम आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों के अधिकारियों के साथ सहकारिता, उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग की योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार पर विशेष चर्चा हुई।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में एक आदर्श सहकारिता गांव विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव स्तर तक बैंकिंग सेवाओं को मजबूत बनाया जाए और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं लोगों तक पहुंचाई जाएं। साथ ही किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने और सहकारी समितियों को सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने विभाग को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत करने और किसानों को समृद्धि कार्ड उपलब्ध कराने की बात कही।
विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा में जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है। अधिकारियों को शिक्षण गुणवत्ता सुधारने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रत्येक विकासखंड में एक आवासीय विद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्यवाही तेज करने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में आवासीय विद्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक स्कूल में प्रतिवर्ष प्रवेशोत्सव आयोजित करने और प्रमुख अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को एक-एक विद्यालय गोद देने की योजना पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विधायक मनोज तिवारी, डॉ. प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के और मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

