Ticker

6/recent/ticker-posts

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह 18 जून को


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJU) का प्रथम दीक्षांत समारोह आगामी 18 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा  पत्रकार वार्ता आयोजित कर तैयारियों और कार्यक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि महामहिम कुलाधिपति की स्वीकृति और निर्देशों के अनुसार समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में अल्मोड़ा की लोकसंस्कृति, इतिहास, पुरातत्व, लोककला, आध्यात्म और पर्यावरण की विशेष झलक देखने को मिलेगी, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को शिक्षा, शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय केवल विद्यार्थियों और कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के जनमानस से जुड़ा हुआ संस्थान है।
इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए शिक्षा संकाय के समीप स्थित मुख्य ऑडिटोरियम का नाम “स्वामी विवेकानंद सभागार” रखने की जानकारी दी। अब विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह इसी सभागार में आयोजित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता से पूर्व कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र प्रतिनिधि एवं प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।