Sangam Today News/-
Almora जनपद अंतर्गत चौखुटिया विकास खण्ड क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गेवाड़ विकास समिति ने एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया है। मासी स्थित भूमिया मंदिर परिसर में आयोजित समिति की बैठक में विकास कार्यों की धीमी गति और विभिन्न मांगों पर चर्चा करते हुए जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मासी का उच्चीकरण नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। समिति ने स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के लिए मानकों में आवश्यक सुधार कर प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।इसके अलावा मासी महाविद्यालय के भवन निर्माण, लंबे समय से रिक्त अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर नियुक्ति, आईटीआई में दो नए ट्रेड शुरू करने की स्वीकृति और मासी में रोडवेज बस अड्डे की स्थापना जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग भी बैठक में रखी गई।समिति के सदस्यों ने कहा कि राज्य गठन के बाद से ही मासी क्षेत्र की समस्याएं लगातार लंबित हैं। तीन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े होने के बावजूद क्षेत्र को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को एक मंच पर आना होगा।बैठक के दौरान मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया गया। समिति ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों को साथ लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में समिति की ओर से अब तक किए गए विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।इस दौरान समिति अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, महेश लाल वर्मा, राज्य आंदोलनकारी भगवत सिंह रावत, भुवन कठायत, गोपाल मासीवाल, तनुजा बिष्ट, एडवोकेट अशोक कुमार, दिनेश मनराल, प्रधान विपिन शर्मा, देवकी रावत, अमर सिंह रावत, शंकर सिंह रावत, बृजलाल वर्मा, गिरीश आर्या, नंदकिशोर, खीमानंद कबडवाल, बालम नेगी, गिरीश बिष्ट, कैलाश गैरोला, गणेश खुल्वै आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
.jpeg)
