पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम झड़ गांव से करीब एक किलोमीटर पहले बैण्ड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन चालक शुभम सिंह रावत (23) के कब्जे से 11.745 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।पुलिस को वाहन से चीड़ के पेड़ की छाल के बुरादे के 38 पैकेट और छाल के गुटकों के 60 पैकेट भी मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया।
इस मामले में थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 26/42 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपी से गांजे की खरीद-फरोख्त के स्रोतों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम सिंह रावत, निवासी ग्वाली गांव, थाना सल्ट, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
.jpeg)
