Sangam Today News/-
Almora/- जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.005 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,50,125 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 की रात मोहान बैरियर से मरचूला रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान UK 18 V 0964 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद दो बैगों से क्रमशः 4.600 किलोग्राम और 5.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (32 वर्ष) और अजय (31 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ऊधमसिंह नगर जिले के कुंडेश्वरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
मामले में थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर, सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एएसआई करतार सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, श्रवण सैनी और देवेंद्र प्रताप शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन .jpeg)
