G

Ticker

6/recent/ticker-posts

मल्ला महल में आजीविका सरस मेले का हुआ आगाज


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा। ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में शुक्रवार को तीन दिवसीय जनपद स्तरीय आजीविका सरस मेले का शुभारंभ हुआ। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। जिला प्रशासन और ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें पहाड़ी मसाले, जैविक दालें, बेकरी सामग्री, प्रसंस्कृत फल उत्पाद, पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद, ऐपण कला और हथकरघा से तैयार वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक हुनर से तैयार उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

उद्घाटन के बाद कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों से स्वदेशी एवं जैविक उत्पादों की खरीदारी को बढ़ावा देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, एसडीएम सदर संजय कुमार, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।



विज्ञापन 
विज्ञापन