G

Ticker

6/recent/ticker-posts

7 सूत्रीय मागों को लेकर 29 दिनों से चला रहा आन्दोलन वार्ता के बाद स्थगित


Sangam Today News/- 
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया क्षेत्र की सात सूत्रीय मांगों को लेकर गेवाड़ विकास समिति के बैनर तले रामगंगा आरती घाट पर 2 अक्टूबर से चल रहा आंदोलन शुक्रवार को 29वें दिन स्थगित कर दिया गया। जनप्रतिनिधियों की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद समिति ने यह निर्णय लिया। हालांकि, समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि 15 दिन के भीतर संबंधित मांगों पर शासनादेश जारी नहीं होते हैं, तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।

शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी और उच्च शिक्षा मंत्री के प्रतिनिधि संजय मठपाल ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री और सिंचाई मंत्री के साथ हुई बातचीत की जानकारी भी साझा की गई। जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि 15 दिन के भीतर महाविद्यालय में बीएससी और बीकॉम कक्षाओं की स्वीकृति तथा पीजी का दर्जा देने संबंधी शासनादेश जारी कराने का प्रयास किया जाएगा।

वार्ता के दौरान बताया गया कि अगनेरी में रामगंगा नदी पर बाढ़ नियंत्रण तटबंध निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, उप जिला चिकित्सालय में भवन निर्माण का कार्य भी शुरू हो चुका है। मासी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के लिए विचलन के माध्यम से स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और रामनगर-चौखुटिया रेल लाइन को लेकर उच्च स्तर पर कार्रवाई गतिमान होने की जानकारी दी गई। कन्या इंटर कॉलेज में गणित विषय की स्वीकृति का शासनादेश भी जारी होने की बात कही गई।

समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मांगों को लेकर इससे पहले उच्च शिक्षा सचिव, निदेशक और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के साथ भी वार्ता हो चुकी है। उन्होंने कहा कि समिति को लिखित आश्वासन दिया गया है, लेकिन निर्धारित समय में शासनादेश जारी नहीं हुए तो क्षेत्रवासी पुनः आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

लिखित समझौते के बाद विधायक मदन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी और मंत्री प्रतिनिधि संजय मठपाल ने पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सुरेंद्र सिंह नेगी को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इसके साथ ही 29 दिनों से जारी आंदोलन स्थगित हो गया।

इन सात मांगों को लेकर चल रहा था आंदोलन

गेवाड़ विकास समिति के नेतृत्व में क्षेत्रवासी महाविद्यालय में बीएससी और बीकॉम कक्षाओं की स्वीकृति, पीजी का दर्जा, पॉलिटेक्निक की स्थापना, केंद्रीय विद्यालय खोलने, उप जिला चिकित्सालय की डीपीआर तैयार करने, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मासी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण, अगनेरी में रामगंगा नदी पर तटबंध निर्माण और रामनगर-चौखुटिया रेल लाइन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
इस दौरान समिति अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, भुवन कठायत, एडवोकेट अशोक कुमार, जीवन नेगी, विपिन शर्मा, दिनेश मनराल, ललिता बिष्ट, जगत रौतेला, प्रकाश रावत, किरण नेगी, दिगंबर नेगी, हीरा बिष्ट, खुशाल सिंह पटवाल, नंदन मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




विज्ञापन 
विज्ञापन