Sangam Today News/-
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक 10 वर्षीय बालक की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना शनिवार को शाम भंडारीगांव क्षेत्र में हुई। जहां भगवान राम का 10वर्षीय पुत्र रियांशु घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान गुलदार बालक को उठाकर ले गया। घटना का पता चलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान बालक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता के अनुसार, 25 सितंबर को जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को लेकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने के साथ ही क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
वन विभाग की टीम क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
