Sangam Today News/-
देहरादून/-उत्तराखंड में अगले दो दिन यानि 26तथा27सितम्बर 2026को भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र देहरादून द्वारा जारी रेड अलर्ट (Red Alart) की चेतावनी के दृष्टिगत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास उत्तराखंड विनोद कुमार सुमन से विस्तार पूर्वक वार्ता कर सभी संबंधित जनपदों एवं विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। सीएम धामी ने रेड एवं ऑरेंज अलर्ट(Red and Orange Alart) वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने,संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, तथा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के साथ ही जनपद आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखते हुए मौसम संबंधी चेतावनियों का तत्काल स्थानीय स्तर तक प्रसार सुनिश्चित करने को कहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव विनोद कुमार सुमन ने बैठक कर सभी जनपदों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर2026 को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट(Red Alart) देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली व अल्मोड़ा में ऑरेंज (OrangE)अलर्ट तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी व टिहरी गढ़वाल में येलो (yellow) अलर्ट जारी किया है।जबकि 27 सितंबर 2026 को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल व हरिद्वार में रेड( RED)अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल व रुद्रप्रयाग में ऑरेंज(ORANGE )अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर व पिथौरागढ़ में येलो (YELLOW) अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सचिव ने सभी 13 जनपदों के साथ बैठक कर अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील सड़कों एवं क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए जेसीबी एवं अन्य आवश्यक मशीनरी को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखा जाए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल यातायात सुचारू किया जा सके।उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 1077 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
