Sangam Today News/-
चमोली। निजी वाहनों पर नाम, पदनाम या अन्य पहचान संबंधी पट्टिकाएं लगाकर प्रभाव दिखाने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने जिलेभर में वाहन चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान 23 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों और अंतरजनपदीय बैरियरों पर चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच करते हुए विशेष रूप से निजी वाहनों पर लगे नाम, पदनाम और अन्य पहचान दर्शाने वाले बोर्डों की भी जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुल 1,722 वाहनों की जांच की। इनमें 20 निजी वाहनों पर अनधिकृत अथवा अनावश्यक पदनाम/नाम पट्टिकाएं लगी मिलीं। पुलिस ने संबंधित वाहनों से ऐसी पट्टिकाएं हटवाईं और वाहन स्वामियों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
