Ticker

6/recent/ticker-posts

छात्रा से मारपीट के मामले में अतिथि शिक्षिका का अनुबंध समाप्त



Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊँ में छात्रा के साथ मारपीट के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को विद्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य से घटना की जानकारी लेने के साथ छात्रा के माता-पिता और विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत की। मामले की जांच के लिए गठित खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की समिति ने अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ मारपीट या किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के साथ संवाद, काउंसलिंग और सकारात्मक तरीकों से अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। छात्र-छात्राओं से बातचीत में खेल सुविधाओं की मांग सामने आने पर उन्होंने फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक मैदान और अन्य खेल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यालय में शौचालय, स्वच्छता, पहुंच मार्ग और पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, पानी के भंडारण के लिए टैंक लगाने और विद्यालय तक पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।