Sangam Today News/-
हल्द्वानी। हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले न्यूज़ पोर्टल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों की इनपैनलमेंट प्रक्रिया और निविदा में निर्धारित खुले विज्ञापन रेट को लेकर चर्चा की गई।
सूचना महानिदेशालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों के इनपैनलमेंट की निविदा खोले जाने के बाद संचालकों ने विज्ञापन दरों को लेकर असंतोष जताया। उनका कहना है कि मौजूदा दरें डिजिटल मीडिया संस्थानों के संचालन, कर्मचारियों और अन्य आवश्यक खर्चों के अनुपात में पर्याप्त नहीं हैं।
संचालकों ने महानिदेशक सूचना से विज्ञापन दरों की समीक्षा कर उन्हें व्यवहारिक और उचित स्तर पर निर्धारित करने की मांग की। बैठक में कहा गया कि डिजिटल मीडिया आज समाचारों के प्रसार और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में न्यूज़ पोर्टलों के आर्थिक हितों को भी नीति निर्धारण में ध्यान में रखा जाना चाहिए।
बैठक में गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल और अकरम सिद्दीकी समेत कई पत्रकार एवं न्यूज़ पोर्टल संचालक मौजूद रहे।
