Ticker

6/recent/ticker-posts

जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की जांच तेज, डीएम के निरीक्षण के बाद दवाएं सील


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल परिसर में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने केंद्र का औचक निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता और रिकॉर्ड का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया गया। शिकायतों के मद्देनज़र अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जन औषधि (जेनेरिक) दवाओं और अन्य ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची तैयार कर उनकी उपलब्धता, खरीद और संबंधित अभिलेखों का मिलान किया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में केंद्र में रखी सभी दवाओं को जांच पूरी होने तक सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद और वितरण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की जा सके।
निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र के संचालन की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को केंद्र के संचालन के लिए नई टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, जिससे निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।