Sangam Today News/-
देहरादून। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा चेतावनी तंत्र द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संभावित भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज गर्जना की चेतावनी को देखते हुए 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को जनपद देहरादून के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 20 जुलाई को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

