Ticker

6/recent/ticker-posts

कुमाऊं आयुक्त ने विकास योजनाओं की प्रगति परखी, जनहित में पारदर्शी क्रियान्वयन पर दिया जोर


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा: कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और ग्रामोत्थान (रीप) योजना की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अंतर्गत प्राप्त विभिन्न विकास प्रस्तावों पर चर्चा की गई। समीक्षा के बाद कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। आयुक्त ने प्राधिकरण के कार्यों और कर्मचारियों से जुड़े विषयों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने चाहिए। साथ ही आम नागरिकों से भी भवन निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों में प्राधिकरण के नियमों का पालन करने की अपील की। व्यावसायिक भवनों और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं को भी निर्धारित मानकों के तहत संचालित करने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार और आजीविका आधारित गतिविधियों से अधिक से अधिक जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने मिशन की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 1,042 गांवों में स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। अब तक 6,921 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और 28,500 लखपति दीदियों का निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
ग्रामोत्थान (रीप) योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।