Sangam Today News/-
अल्मोड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान और संभावित प्राकृतिक आपदा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आगामी एक सप्ताह तक जिले में प्रस्तावित सभी विभागीय बैठकें, समीक्षा बैठकें, शिविर, और बीडीसी बैठकों को स्थगित रखने के निर्देश जारी किए हैं।
रविवार को नवीन कलक्ट्रेट में आयोजित आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रशासन ने सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं को बिना बाधा जारी रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और कंट्रोल रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर गठित आपदा प्रबंधन टीमों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाने के लिए कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

