Ticker

6/recent/ticker-posts

नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2.50 लाख की ठगी, दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा: नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.50 लाख की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को अल्मोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भतरौजखान थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2024 को भतरौजखान क्षेत्र निवासी भगत सिंह नेगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुरेश सिंह नेगी ने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर ₹2.50 लाख ले लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही रकम वापस की। शिकायत के आधार पर थाना भतरौजखान में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार था। पुलिस ने न्यायालय से उसे फरार घोषित कराने के साथ ही कुर्की की कार्रवाई कराई तथा गैर-जमानती वारंट (NBW) भी प्राप्त किया।
एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को अमरोहा रेलवे स्टेशन से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह नेगी (49 वर्ष) पुत्र बहादुर सिंह नेगी, निवासी पाण्डेकोटा, थाना रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।