Sangam Today News/-
रानीखेत/- एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीखेत कोतवाली पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 7.86 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 2.35 लाख रुपये आकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई द्वारसों रोड पर जनाड़ु मोड़ से आगे चेकिंग अभियान के दौरान की गई। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से अवैध स्मैक बरामद होने पर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र बिष्ट (30 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह, निवासी ग्राम स्यूना, ज्योली, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रानीखेत में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इसकी आपूर्ति श्रृंखला (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक) की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने का रिकॉर्ड मौजूद है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

