Ticker

6/recent/ticker-posts

चौखुटिया में यूकेडी ने 2027 चुनाव की तैयारियां तेज कीं, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर


Sangam Today News/- 
चौखुटिया। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने चौखुटिया में आयोजित संगठनात्मक बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई। बैठक में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष भगवत सिंह मेहरा ने की। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर सक्रिय टीमों के गठन तथा जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद स्थापित करें और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और स्थायी राजधानी गैरसैंण, बेरोजगारी, पेपर लीक तथा मूल निवास जैसे मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना आवश्यक है।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावों के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।