Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शहरों से गावों तक हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास


Sangam Today News/- 
उत्तराखंड में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शहरों से लेकर गावों तक योगाभ्यास किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 
चंपावत जनपद के बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भागीदारी की। सीएम धामी ने बड़ी संख्या में योग साधकों, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी प्राकृतिक उपचार प्रणाली के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग एवं प्राणायाम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखण्ड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य कर रही है।उन्होंने बताया कि राज्य की योग नीति के अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी तथा शोध एवं अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी उत्तराखण्ड को योग का वैश्विक केंद्र बनाने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राजकीय डिग्री कालेज भिकियासैण में हुआ योग 

राजकीय महाविद्यालय भिकियासैण में रोवर्स-रेंजर्स इकाई ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट ने दीप जलाकर किया। योग प्रशिक्षक डॉ. अजय पांडे ने योगाभ्यास के विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला।इस मौके पर नपं अध्यक्ष दीपक बिष्ट, 
 प्राचार्य प्रोफेसर डॉ शर्मिला सक्सेना,सुनील कुमार, डॉ. इला बिष्ट,पूर्व जिपं सदस्य लीला बिष्ट, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे। 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर ने आयोजित किया योग सत्र

आयुष्मान आरोग्य मंदिर चित्तौड़खाल, विकासखंड स्याल्दे ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक योग सत्र का आयोजन किया ।कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व एवं नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी प्रदान की गई। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. योगेश कुमार, विपिन सिंह पंवार, संजय कुमार, दीप चन्द्र, चन्दा नेगी, ग्राम प्रधान रूडोली सुनीता देवी , सामाजिक कार्यकर्ता सुनील टम्टा ,चन्दन सिंह तथा हिम्मत सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।
*आयुष विभाग ने चिलियानौला में आयोजित किया योगाभ्यास कार्यक्रम*


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा बाबा हैड़ाखान मंदिर परिसर चिलियानौला में आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। 
इस अवसर विधायक ने कहा योगाभ्यास से स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में अपनाकर शरीर स्वस्थ रहता है।योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन एवं आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर हमें स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जीने की प्रेरणा देता है।इसके अलावा छावनी परिषद रानीखेत द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भी विधायक ने शिरकत की।