Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड की नवगठित दोनों नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मारी बाजी


Sangam Today News/- 
उत्तराखंड की नवगठित 2 नगर पंचायतों की मतगणना सम्पन्न हो गयी है।दोनों सीटों के परिणामों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है।जिला चंपावत की पाटी नगर पंचायत और ऊधम सिंह नगर जिले की गढ़ीनेगी नगर पंचायत में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर स्थानीय राजनीति में नया समीकरण बना दिया है।
पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने भाजपा उम्मीदवार को 224 मतों के अंतर से पराजित किया। पाटी में पहली बार हुए निकाय चुनाव में यह परिणाम विशेष रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है। नारायण लाल को चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिला। उनके पक्ष में प्रसिद्ध गायक पवन दीप राजन ने भी प्रचार किया था।
जबकि ऊधम सिंह नगर की गढ़ीनेगी नगर पंचायत में निर्दलीय उम्मीदवार अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी को 94 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों नवगठित नगर पंचायतों में निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत स्थानीय मुद्दों और क्षेत्रीय समीकरणों के प्रभाव को दर्शाती है। इन नतीजों ने भाजपा की चुनावी रणनीति को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन क्षेत्रों में जहां पार्टी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी।
नवगठित निकायों के चुनाव परिणामों ने यह संकेत दिया है कि स्थानीय चुनावों में उम्मीदवार की व्यक्तिगत स्वीकार्यता और जमीनी संपर्क अब भी निर्णायक भूमिका निभाते हैं।