Sangam Today News/-
देहरादून/ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास, कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, नंदा देवी राजजात यात्रा तथा किसानों की आर्थिक मजबूती से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए कुल ₹213 करोड़ से अधिक की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा के अंतर्गत चमोली जिले के नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधार कार्य के लिए ₹8.68 करोड़ स्वीकृत किए हैं। वहीं कुम्भ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के तहत पुलिस प्रशासन के लिए प्रस्तावित ₹35 करोड़ की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।
सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर के बिन्दुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹3.95 करोड़, देहरादून में रिस्पना पुल से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलीवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए ₹3.37 करोड़, अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर क्षेत्र में मोटर मार्ग सुधार कार्य हेतु ₹4.92 करोड़ तथा रुद्रप्रयाग के ताला-बंरगाली मार्ग के डामरीकरण के लिए ₹3.17 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के तहत सल्ट क्षेत्र स्थित कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹50.08 लाख, धारचूला के बौन गांव में मंदिर परिसर विकास हेतु ₹85 लाख तथा द्वाराहाट क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।
पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए रुद्रप्रयाग जिले की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना हेतु ₹55.22 करोड़ तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप और संबंधित कार्यों के लिए ₹2.22 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
बागेश्वर जिले में देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹8.52 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की मंजूरी प्रदान की गई है।
कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए फसल ऋण, वाणिज्यिक फसलों तथा सहकारी संस्थाओं को ऋण उपलब्ध कराने हेतु ₹81.47 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। यह राशि निर्धारित ₹130 करोड़ के प्रावधान के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
ऊधम सिंह नगर के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भी लगभग ₹2.68 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है।

