Ticker

6/recent/ticker-posts

सल्टिया सोमनाथ मेले का आगाज़, सल्ट से पहुंचे मेलार्थियों का भव्य स्वागत


Sangam Today News/- 
चौखुटिया/मासी: पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले सल्टिया सोमनाथ मेले का शुभारंभ रविवार देर शाम रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। मेले की शुरुआत पारंपरिक उत्साह के बीच हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेलार्थी शामिल हुए।
सल्ट क्षेत्र से आए मेलार्थियों का जत्था ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक निशानों के साथ मासी पहुंचा। यहां पहुंचने पर कनौणी और मासीवाल आल से जुड़े ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत अतिथियों को घोड़ों पर बैठाकर मेला स्थल तक लाया गया, जिससे आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया।
मेले का विधिवत उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक मदन बिष्ट ने किया। इस दौरान उन्होंने मेलों को सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए परंपराओं को जीवित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मेला प्रांगण में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रमों में स्थानीय लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
सल्ट क्षेत्र के मेलार्थियों का प्रतिनिधित्व मानिला मंदिर प्रबंधक नंदन सिंह मनराल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, प्रतीक जीना, किशोर सिंह रावत, रामदत्त शर्मा और रमेश लखचौरा सहित अन्य लोगों ने किया।
मेले के आयोजन और स्वागत व्यवस्था में मेला समिति अध्यक्ष गजेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य हर्षिता वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।