Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड की पूजा को राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से किया सम्मानित


Sangam Today News/- 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में वर्ष 2026 के राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर पूजा परमार राणा को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
उत्तरकाशी जिले के नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑग्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के पद पर कार्यरत पूजा परमार राणा पिछले 15 वर्षों से हिमालयी दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ कई राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने यमुना तटवर्ती क्षेत्रों में पहली वैक्सीनेटर के रूप में कार्य करते हुए टीकाकरण अभियान को गति दी। उनके प्रयासों से कई दूरदराज क्षेत्रों में शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल किया जा सका।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें पहले भी राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ एएनएम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार मिलने से उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।