Sangam Today News/-
देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जनपदों में भारी बारिश और तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील क्षेत्रों में कहीं-कहीं छोटे भूस्खलन हो सकते हैं, जिससे सड़कों और राजमार्गों पर अवरोध या नुकसान की स्थिति बन सकती है। निचले इलाकों में जलभराव तथा पहाड़ी क्षेत्रों में छोटी नदियों और नालों के उफान पर आने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के समय घरों के अंदर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने तथा पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी गई है।
नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
राज्य सरकार और जिला प्रशासन को भी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

