Ticker

6/recent/ticker-posts

सल्ट के तड़म क्षेत्र में वन विभाग अलर्ट, बाघ रेस्क्यू के बाद लगातार निगरानी जारी


Sangam Today News/- 
मोहान वन क्षेत्र के अंतर्गत सल्ट के तड़म ग्राम सभा में बाघ के सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। विभाग की टीमें लगातार प्रभावित इलाके में कैंप कर रही हैं और मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
उप संभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन विशेष गश्ती टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें प्रतिदिन क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं और सुरक्षा उपकरणों जैसे फॉक्स लाइट, राइफल, गांधी बंदूक एवं अन्य संसाधनों का उपयोग कर रही हैं।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरे और ड्रोन की मदद से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। गश्ती दल बाघ की गतिविधियों, पदचिह्नों और अन्य संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा गांव और आरक्षित वन क्षेत्र की सीमा पर फायर वॉल तैयार करने का कार्य भी जारी है।
विभाग ने क्षेत्र में अब तक नौ पिंजरे लगाए हैं, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए पोस्टर और जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग आवश्यक सावधानियां बरत सकें।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव की गतिविधि या संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत विभाग को दें और बिना आवश्यकता वन क्षेत्र की ओर न जाएं। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।