Ticker

6/recent/ticker-posts

अल्मोड़ा: जिला योजना में 74.73 करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी


Sangam Today News/- 
जनपद अल्मोड़ा में वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना संरचना को मंजूरी देते हुए कुल 74 करोड़ 73 लाख 70 हजार रुपये के परिव्यय को स्वीकृति प्रदान की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने की।
स्वीकृत बजट में 57 करोड़ 13 लाख 70 हजार रुपये सामान्य मद, 17 करोड़ 37 लाख 30 हजार रुपये एससीएसपी तथा 22 लाख 70 हजार रुपये टीएसपी मद के लिए निर्धारित किए गए हैं। बैठक में जिला योजना समिति और जनप्रतिनिधियों ने विभागवार आवंटित धनराशि पर सहमति जताई।
जिला योजना के तहत जल संस्थान को 12.30 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 10.60 करोड़ रुपये, प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग को 5 करोड़ रुपये, पर्यटन विभाग को 3.50 करोड़ रुपये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 3 करोड़ रुपये, पेयजल निगम को 5.80 करोड़ रुपये, कृषि विभाग को 3.20 करोड़ रुपये तथा पशुपालन विभाग को 3.55 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनपद की भौगोलिक एवं जनसंख्या संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए जिला योजना का बजट बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं तथा जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि जिला योजना में अधिकतम जनहितकारी प्रस्तावों को शामिल करने का प्रयास किया गया है। वहीं प्रभारी मंत्री ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनप्रतिनिधियों के पत्राचार का समय पर जवाब देने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक मनोज तिवारी, डॉ प्रमोद नैनवाल, मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।