Sangam Today News/- अल्मोड़ा। विकासखंड लमगड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में रविवार को वृहद बहुउद्देशीय एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक अधिकारों तथा विधिक प्रावधानों की जानकारी आमजन को दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी मौके पर उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों के अनुसार शिविर के माध्यम से कुल 629 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य लोगों को न्यायिक व्यवस्था और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
जिला न्यायाधीश श्रीकांत पांडे ने ऐसे शिविरों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की। वहीं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि ने प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने इंटर कॉलेज मेरगांव का भी निरीक्षण किया तथा बाउंड्री वाल और मार्ग सुधार से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों को 200 छड़ियां, 100 श्रवण यंत्र, 25 कंबल, 50 वाटर प्यूरीफायर, 3 महालक्ष्मी किट, 100 नोटबुक और 3 व्हीलचेयर वितरित की गईं। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनके माध्यम से जनहितकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इसके अलावा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट रानीखेत सोनम रावत ने किया।

