Sangam Today News/-
अल्मोड़ा/ उत्तराखंड सरकार में वन एवं स्वास्थ्य समेत कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाल रहे सुबोध उनियाल शुक्रवार को अल्मोड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस में उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मंत्री ने वन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
इसके बाद मंत्री सुबोध उनियाल सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित वार्षिकोत्सव “नेबुला-2026” में शामिल हुए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर मंत्री ने संस्थान की वार्षिक पत्रिका “मोनाल” का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज का युवा विकसित भारत-2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

