Sangam Today News/-
देहरादून/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने 28वें उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में यह उनका 18वां दौरा होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी में 1000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनका पहला उत्तराखंड दौरा ऋषिकेश में हुआ था। इसके बाद से वे कई बार राज्य का दौरा कर चुके हैं और केदारनाथ, बदरीनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। उनके दौरों के बाद राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है।
केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों और सुरक्षित यात्रा के संदेश के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वहीं, पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश और उत्तरकाशी के मुखबा क्षेत्र के दौरे के बाद इन क्षेत्रों में भी पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और उनके नेतृत्व में राज्य में अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने बताया कि दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

