Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री घोषणाओं पर अल्मोड़ा में समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों में तेजी के निर्देश


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा जिले में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में सल्ट, सोमेश्वर, जागेश्वर और रानीखेत विधानसभा क्षेत्रों में 4 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं, इसलिए इनके कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और जो कार्य प्रगति पर हैं, उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही विभागों को अपनी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के लिए भी कहा गया, ताकि उच्च स्तर पर सही जानकारी उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया और कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। उन्होंने परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने और आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।