Sangam Today News/-
बागेश्वर/ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने जिले में मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ सघन अभियान चलाया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के निर्देश पर मंगलवार को औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बैजनाथ, गागरीगोल और मन्यूडा क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान दवा दुकानों के लाइसेंस शर्तों, दवाओं के भंडारण, वितरण व्यवस्था और रिकॉर्ड का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण में दो मेडिकल स्टोर्स पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति, एक्सपायर्ड दवाओं का स्टॉक, सीसीटीवी सिस्टम का बंद होना और अभिलेखों का सही रख-रखाव न होना शामिल है।
इन अनियमितताओं को देखते हुए संबंधित दोनों प्रतिष्ठानों पर तत्काल प्रभाव से दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है। साथ ही एक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने और दूसरे का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई है।

