Ticker

6/recent/ticker-posts

सरकारी शिक्षकों ने पेश की मिसाल, अपने बच्चों का दाखिला कराया सरकारी स्कूलों में


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा जनपद के स्याल्दे ब्लॉक में सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों ने एक सराहनीय पहल करते हुए समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। बिना किसी सरकारी दबाव के शिक्षकों ने स्वयं निर्णय लिया कि वे अपने बच्चों को भी सरकारी स्कूलों में ही पढ़ाएंगे, जिससे आम जनता का भरोसा सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर मजबूत हो सके।
इस पहल के तहत लंबे समय से चल रही मुहिम को अब एक ठोस रूप मिला है। सत्र के दूसरे सप्ताह में कई शिक्षकों ने अपने बच्चों का प्रवेश स्थानीय सरकारी विद्यालयों में कराया। यह कदम न केवल शिक्षा प्रणाली में विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि अन्य अभिभावकों को भी प्रेरित करने का प्रयास है।
इस अभियान के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोलना (देघाट) और स्याल्दे प्राथमिक विद्यालय, सराईखेत को केंद्र बनाकर सभी आवश्यक भौतिक संसाधन और शिक्षकीय व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने का संकल्प भी लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कई शिक्षकों ने अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में कराया है। इनमें प्रभु दयाल द्वारा अपने पुत्र का प्रवेश राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोलना (देघाट) में, गजेंद्र चौहान द्वारा अपने पुत्र का उसी विद्यालय में, रमेश नेगी द्वारा स्याल्दे विद्यालय में अपने बच्चों का प्रवेश, तथा अन्य शिक्षकों द्वारा भी अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों का दाखिला कराया गया है।
शिक्षकों का कहना है कि यदि वे स्वयं अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाएंगे, तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और अभिभावकों का विश्वास भी बढ़ेगा। आने वाले समय में इस अभियान से और अधिक शिक्षक जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।