Ticker

6/recent/ticker-posts

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक: मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश


Sangam Today News/- 
हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, सिंचाई तथा जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। साथ ही कैंचीधाम बाईपास का निर्माण कार्य जारी है, जिसे 30 मई तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रोपोल पार्किंग परियोजना भी जल्द शुरू होने की तैयारी में है।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जागरूकता बढ़ाने, सोलर फेंसिंग लगाने और वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24x7 सक्रिय रखने पर जोर दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यटन सीजन को देखते हुए सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन मजबूत करने, शटल सेवाएं शुरू करने और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र में पेयजल संकट कम होगा, भूजल स्तर में सुधार होगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने के प्रस्ताव को शीघ्र शासन को भेजने, विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और पेयजल संकट से निपटने के लिए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।