Sangam Today News/-
भीमताल (नैनीताल)/- बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज भीमताल में 3दिवसीय तकनीक एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव "स्पेक्ट्रम 2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी किया।इस अवसर पर सीएम ने कम्प्यूटर साइंस एवं इजींनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीमताल में उपतहसील बनाने की घोषणा सहित भीड़ापानी में आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापना, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने , रामगढ़, धारी व ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण, लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज बनाने, ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम निर्माण आदि की घोषणा की है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिड़ला संस्थान वर्षों से उत्तराखण्ड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यहां से शिक्षित विद्यार्थी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं तथा कई युवा प्रशासनिक सेवाओं, भारतीय सेना और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को शामिल किया गया है। साथ ही 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब एवं परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि ‘शेवनिंग उत्तराखण्ड छात्रवृत्ति’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं तथा ‘इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड’ के सहयोग से आधुनिक कंप्यूटर आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के माध्यम से नवाचार एवं शोध को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसके तहत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया । इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने हेतु 50-50 लाख रुपये की धनराशि प्रदान करने की घोषणा की।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी आदि मौजूद रहे।

