Sangam Today News/-
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित ‘श्रमिक सेवा’ मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर 8,005 श्रमिकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹17 करोड़ से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑफलाइन अनुदान वितरण की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और अब सभी भुगतान ऑनलाइन निस्तारण व DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे जा रहे हैं। इस प्रणाली के तहत अब तक 11,828 लाभार्थियों को ₹29.89 करोड़ की सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने श्रमिकों और उनके आश्रितों के कौशल विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने के लिए स्थानीय युवाओं को प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मिस्त्री और कारपेंटर जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जाएं। इसके साथ ही योग और वेलनेस क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने की भी बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएं। इसके लिए विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस दौरान श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने जानकारी दी कि UKLCCMS पोर्टल के माध्यम से अब तक 16,000 से अधिक संस्थानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिससे ₹80 लाख की राशि शुल्क के रूप में प्राप्त हुई है। वहीं बोर्ड के पास कुल ₹324 करोड़ की धनराशि सेस के रूप में जमा है, जिसका उपयोग श्रमिकों के कल्याण के लिए किया जा रहा है।

