Sangam Today News/-
देहरादून/- भारत की जनगणना 2027के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के तहत अपनी स्व गणना (SELF ENUMERATION) का उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर जनगणना का प्रथम चरण अभियान का प्रदेश में विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर अग्रसर हुआ है।जो पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत को डिजिटल युग में एक और मजबूत कदम आगे बढ़ाने वाली है।जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना’ (HLO) है, जिसके अंतर्गत आवासीय स्थिति, सुविधाओं और घरेलू विवरणों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार ‘स्व-गणना’ की सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और त्रुटिरहित होगी।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अधिकारियों को जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए। कहा कि जनगणना 2027 देश के विकास की आधारशिला है। डिजिटल माध्यम से की जा रही यह जनगणना पारदर्शिता और सटीकता को सुनिश्चित करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे स्वयं आगे आकर स्व-गणना करें और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह न केवल आपकी भागीदारी को सुनिश्चित करेगा, बल्कि भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायक होगा।उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा। इस अवसर पर निदेशक जनगणना संचालन ईवा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे
*10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक है स्व-गणना की सुविधा*
उत्तराखंड में भारत 2027 जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इससे पूर्व आम नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है। इसके लिए https://se.census.gov.in पोर्टल पर 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने परिवार एवं आवास से संबंधित मूलभूत जानकारी दर्ज कर ‘SE ID’ प्राप्त कर सकते हैं, जिसका उपयोग बाद में प्रगणकों द्वारा सत्यापन के दौरान किया जायेगा।

