Sangam Today News/-
उत्तराखंड सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने राज्य में व्यावसायिक एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण को लेकर नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। यह निर्णय राज्य में पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी और आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सरकार के अनुसार, वर्तमान में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान होटलों, रेस्टोरेंट्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी की मांग में तेजी से वृद्धि होती है। ऐसे में सिलेंडरों की कमी से व्यापार प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
जारी SOP के तहत विभिन्न क्षेत्रों के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग का आकलन कर प्रतिशत के आधार पर आवंटन तय किया गया है। इसमें होटल एवं रेस्टोरेंट सेक्टर को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है, जिन्हें कुल मांग का लगभग 37% आवंटन किया गया है। वहीं इंडस्ट्रियल सेक्टर को 28% और फार्मास्युटिकल एवं लाइफ सेविंग सेवाओं को 7% आवंटन दिया गया है।
इसके अतिरिक्त सरकारी एवं अर्ध-सरकारी संस्थानों, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, औद्योगिक कैंटीन, छात्रावास और स्वयं सहायता समूहों को भी निर्धारित प्रतिशत के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। कुल मिलाकर 2650 व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग के अनुसार वितरण की योजना बनाई गई है।
जिलावार वितरण के लिए भी प्रतिशत तय किए गए हैं। देहरादून को सबसे अधिक 31% आवंटन दिया गया है, जबकि हरिद्वार और नैनीताल को 13-13% हिस्सा मिला है। अल्मोड़ा सहित सभी 13जनपद में उनके गैस कनेक्शनों की संख्या के आधार पर आवंटन किया गया है।

