Sangam Today News/-
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रसंघ ने प्राचार्य प्रो०शर्मिला सेक्सना को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने शौचालयों की खराब स्थिति, स्वच्छ पेयजल की कमी, महाविद्यालय भवनों की जर्जर दीवारें तथा पुस्तकालय में पुस्तकों की अपर्याप्त उपलब्धता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
छात्रसंघ कोषाध्यक्ष सुमित बिष्ट का कहना है कि महाविद्यालय के कई शौचालयों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। कुछ सीटें क्षतिग्रस्त हैं, कई स्थानों पर पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ने यह भी बताया कि महिला शौचालय की खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें शीघ्र ठीक कराया जाना आवश्यक है।
साथ ही महाविद्यालय परिसर में शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हैं विद्यार्थियों को पीने के पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा हैं, कुछ स्थानों पर जल की आपूर्ति पर्याप्त नहीं है तथा उपलब्ध पानी पूर्णत स्वच्छ नहीं हैं।
इसके अलावा छात्रसंघ ने महाविद्यालय पुस्तकालय में विभिन्न विषयों की अद्यतन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की कमी की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। छात्रसंघ का कहना है कि पर्याप्त संदर्भ पुस्तकों के अभाव में अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि महाविद्यालय की कक्षाओं और अन्य भवनों की दीवारों पर लंबे समय से पेंट-पुताई और सफेदी नहीं हुई है, जिससे परिसर का वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शीघ्र पेंट-पुताई और परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग की।
छात्रसंघ कोषाध्यक्ष सुमित बिष्ट ने प्राचार्य से सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ होने से महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ कोषाध्यक्ष सुमित बिष्ट, छात्रसंघ अध्यक्ष गीतांजलि,प्रतीक, दीपा, सोनाक्षी शामिल रहे।




